
ऋषिकेश,19 जून। हरिद्वार रोड स्थित अखंड आश्रम की संपत्ति पर हो रहे कथित निर्माण कार्य के खिलाफ गुरुवार को शहर में जनाक्रोश देखने को मिला। नगर निगम पार्षद राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट के नेतृत्व में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण कार्यालय का घेराव किया गया। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ऋषिलोक स्थित एमडीडीए कार्यालय में प्रदर्शन के दौरान उप जिलाधिकारी और तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं जिलाधिकारी देहरादून को ज्ञापन भेजा गया, जिसमें मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है। प्रदर्शन में विकास शाही, कपिल राठी, विनोद लखेड़ा, संजय पाल, शैलेश जैन, अंकित सिंह शामिल रहे।
क्या हैं आरोप?
पार्षद संजय प्रेम सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया कि बिना मानचित्र और वैध अनुमति के आश्रम की संपत्ति को जानबूझकर नष्ट किया जा रहा है। पूर्व छात्र संघ महासचिव विकास शाही ने बताया कि 17 जून 2025 को एमडीडीए द्वारा आश्रम पर चालान किया गया था, इसके बावजूद निर्माण कार्य बिना रुके और बिना अनुमति के जारी है।
निजी लाभ के लिए कानून की अनदेखी?
स्थानीय लोगों और प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रॉपर्टी डीलर और ट्रस्ट से जुड़े लोग निजी लाभ के उद्देश्य से निर्माण मानकों और नियमों की खुलकर अनदेखी कर रहे हैं। पार्षद बिष्ट ने इसे “इंडियन ट्रस्ट एक्ट 1882” का सीधा उल्लंघन बताया।