
ऋषिकेश 15 अगस्त। निर्मल आश्रम महंत बाबा राम सिंह महाराज के पावन आशीर्वाद एवं संत बाबा जोध सिंह महाराज के सानिध्य में निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकादमी (एनजीए) में 79वां स्वतंत्रता दिवस एवं जन्माष्टमी उत्सव हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मूल मंत्र और गायत्री मंत्र के साथ हुआ। मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान, खैरी कलां शबनम देवी ने ध्वजारोहण कर सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रधानाचार्या डॉ. सुनीता शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं आगंतुकों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों से सभी को अवगत कराया।
विद्यार्थियों ने देशभक्ति से सराबोर गीत, शब्द कीर्तन और भाषण प्रस्तुत किए। कक्षा 12 के प्रभात कुमार ने ऊर्जा से भरपूर भाषण दिया, जबकि छात्र मीत व उनके साथियों ने वीर रस से युक्त देशभक्ति गीत गाकर वातावरण को जोश से भर दिया। वहीं नन्हे-मुन्ने बच्चों ने जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से संबंधित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर एनजीए परिवार, एनईआई, निर्मल आश्रम के सदस्य व बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही और देशभक्ति व भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
एनजीए के छात्रों का शानदार प्रदर्शन
ऋषिकेश। जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में मधुबन आश्रम में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में 57 विद्यालयों के 1500 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। एनजीए के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिताओं में सीनियर वर्ग सामान्य ज्ञान: प्रथम स्थान, नृत्य प्रतियोगिता: प्रथम स्थान, गायन प्रतियोगिता: तृतीय स्थान, जूनियर वर्ग गायन: द्वितीय स्थान, फैंसी ड्रेस: तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विजेता छात्रों को महंत राम सिंह महाराज और संत जोध सिंह महाराज ने आशीर्वाद व सम्मान प्रदान किया। हेडमिस्ट्रेस अमृतपाल डंग ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और महाराज श्री द्वारा सभी को प्रसाद वितरित किया गया।