–मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यात्री बसों को हरी झंडी दिखाकर किया आस्था पथ पर रवाना
–इस बार धामों के दर्शन किए बिना कोई श्रद्धालु वापस नहीं लौटेगा
ऋषिकेश, 21 अप्रैल। देवभूमि उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2023 शुक्रवार को तीर्थनगरी ऋषिकेश से शुरू हुई। यात्रा का शुभारंभ सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, परिवहन मंत्री चंदन राम दास, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, सुबोध उनियाल और मेयर अनीता ममगाईं ने संयुक्त रूप से यात्री बसों को हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड संकट के बाद दूसरी बार शुरू हो रही चारधाम यात्रा इस बार पुराने रिकॉर्ड तोड़ेगी।
शुक्रवार को संयुक्त यात्रा रोडवेज बस अड्डा परिसर में हंस फाउंडेशन के संस्थापक भोले महाराज और माता मंगला के सानिध्य में आयोजित चार धाम यात्रा मुहूर्त पूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अभी तक 16लाख से अधिक यात्री चार धाम यात्रा के लिए पंजीकरण कर चुके हैं, जिसको देखते हुए सरकार ने तीर्थयात्रियों को सभी बुनियादी सुविधा दिलाने के लिए तैयारियां भी की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस बार इस तरह व्यवस्था की है कि कोई भी यात्री बिना दर्शन किए वापस नहीं जाएगा। धामी ने यात्रा को सफल बनाने को लेकर कार्य करने वाले अधिकारियों और परिवहन कंपनियों से उत्कृष्ट कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि यात्रा में ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए जिससे बाहरी प्रांतों से आने वाले तीर्थयात्री सुखद संदेश लेकर जाएं।
मुख्यमंत्री ने आपदा के बाद पूरी तरह उजड़ चुके केदारघाटी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दोबारा जीर्णोद्धार कर उसकी देश विदेश में आस्था की नई पहचान बनाने के लिए उनकी प्रशंसा की। कहा कि सरकार गंगोत्री और यमुनोत्री के विकास को लेकर भी गंभीर है। यहां रोपवे बनाए जाने और हेली सेवा शुरू करने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम को परिवहन मंत्री चंदन राम दास, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, प्रेमचंद अग्रवाल आदि ने भी संबोधित किया।
मौके पर संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति अध्यक्ष संजय शास्त्री, कार्यकारी अध्यक्ष मनोज ध्यानी, टीजीएमओ अध्यक्ष जितेंद्र सिंह नेगी, जीएमओ अध्यक्ष जीत सिंह पटवाल, रूपकुंड अध्यक्ष भोपाल सिंह नेगी, पूर्व रोटेशन अध्यक्ष सुधीर राय, यातायात उपाध्यक्ष नवीन चंद रमोला, रोटेशन प्रभारी नवीन तिवारी, मदन मोहन कोठारी, दाताराम रतूड़ी, बृजेश उनियाल, भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र सिंह राणा, मंडल अध्यक्ष सुमित पंवार भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष कविता शाह, मीडिया प्रभारी रंजन अंथवाल आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़िए
तीर्थयात्रियों ने लगाए जय बद्री, जय केदार के उद्घोष
ऋषिकेश। चार धाम यात्रा को लेकर राजस्थान उत्तर प्रदेश मध्य प्रदेश गुजरात आदि प्रांतों से आए तीर्थयात्रियों में गजब का उत्साह रहा। देव धाम के दर्शन करने को रवाना होने से पहले तीर्थयात्रियों ने जय बद्री जय केदार के नारे लगाए, जिससे समूचा क्षेत्र गुंजायमान रहा। पहले दिन चार धाम यात्रा के लिए ऋषिकेश से करीब 60 बसें रवाना हुई।