ऋषिकेश। नगर निगम मेयर अनिता ममगाईं ने प्राकृतिक आपदा के कारण क्षतिग्रस्त हुई ऋषिकेश की विभिन्न सड़कों, संपर्क मार्गों एवं नालियों के निर्माण के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से निगम प्रशासन को सौ करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित करने की मांग की। इस बाबत मेयर ने एक मांगपत्र मुख्यमंत्री को सौंपा है।
नगर निगम मेयर अनिता ममगाईं ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विगत दिनों प्राकृतिक आपदा के रूप में हुई बारिश से हुए नुकसान की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। मेयर ने अवगत कराया कि दैवीय आपदा में विभिन्न क्षेत्रों में लोगों के घरों में घुसे बरसाती पानी से जहां आमजनमानस को काफी नुकसान झेलना पड़ा। वहीं, निगम के विभिन्न क्षेत्रों की सड़कें, सम्पर्क मार्ग एवं नालियां भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गये हैं। कई सड़कों पर चलना अब चुनौतीपूर्ण हो गया है।कई मार्गों पर कीचड़ एवं बरसाती पानी भरा होने की वजह से विभिन्न बीमारियों का खतरा भी लगातार मंडरा रहा है। उक्त तमाम निर्माण कार्य के लिए तकरीबन सौ करोड़ रुपये की अनुमानित लागत है, जिसे निगम द्वारा पूर्ण किया जाना संभव नही है। लिहाजा अनुमानित धनराशि प्रदेश सरकार द्वारा ऋषिकेश नगर निगम को प्रदान की जाये ताकि जल्द से जल्द निर्माण कार्यों को प्रारम्भ कराया जा सके।
मेयर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि आपदा में प्रदेश सरकार लोगों के साथ खड़ी रही है।प्रदेश के तमाम आपदा प्रभावित क्षेत्रों में विशेष प्राथमिकता के साथ राहत एवं बचाव, पुनर्वास व पुनर्निर्माण कार्य जारी है। तीर्थनगरी ऋषिकेश की सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए भी हर संभव मदद की जायेगी।
मेयर ने तीर्थनगरी ऋषिकेश की खराब सड़कें सुधारने को मांगे 100 करोड़! मुख्यमंत्री धामी को सौंपा मांग पत्र
