सीएम उत्तराखंड धामी और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
10 जुलाई, देहरादून। उत्तराखंड के केदारनाथ से विधायक शैला रानी रावत ने देर रात जीवन की अंतिम सांस ली। विवेक पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रहीं थीं। विधायक शैला रानी रावत के निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। बुधवार सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बलबीर रोड, स्थित भाजपा कार्यालय में केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने विधायक रावत के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन पूरे प्रदेश एवं पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। वे अपनी विधानसभा की जन समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहती थी। कहा कि शैलारानी रावत केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा समर्पित भाव से कार्य करती थीं और जनता की समस्याओं को सरकार एवं शासन स्तर पर प्राथमिकता से रखकर उनका समाधान करवाती थी। उन्होंने हमेशा समाज के अंतिम छोर में खड़े लोगों की आवाज को उठाने और समाधान की ओर ले जाने का कार्य किया। उनका सरल, सहज एवं मृदुभाषी व्यक्तित्व था।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्या, सौरभ बहुगुणा, सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत, विधायक उमेश शर्मा काऊ, खजान दास, रेनू बिष्ट, सुरेश चौहान ने श्रद्धांजलि दी है।
आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक : खंडूड़ी
देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने शैला रानी रावत के निधन पर गहरा दुख जताया है। ऋतु खंडूड़ी ने एक्स पर पोस्ट किया है। केदारनाथ विधानसभा की विधायक शैलारानी रावत के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। इस अकस्मात निधन से मैं स्तब्ध हूँ! उनका यूँ चले जाना हम सभी के लिए व्यक्तिगत क्षति है। उनकी कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण भाव को सदैव याद रखा जाएगा। भगवान केदारनाथ जी से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।