ऋषिकेश 20 जुलाई। देवभूमि उत्तराखंड में मनाए जा रहे हरेला पर्व के तहत तीर्थनगरी ऋषिकेश के मीडियाकर्मियों ने नगर निगम प्रशासन के साथ पौधारोपण अभियान चलाया। चार धाम यात्रा टर्मिनल कंपाउंड से लेकर चंद्रभागा पुल ढालवाला तक विभिन्न प्रजातियों के 50 से अधिक पौधे लगाए। इस दौरान अपर आयुक्त गढ़वाल प्रशासन नरेंद्र सिंह क्वीरियाल ने कहा कि पर्यावरण के संरक्षण में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पौधारोपण के साथ-साथ इनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी जागरूक समाज की है।
सामाजिक सरोकार के तहत ऋषिकेश प्रेस क्लब के सदस्यों, नगर निगम कर्मियों समेत पीएसके इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने ने चार धाम यात्रा बस टर्मिनल कंपाउंड में संयुक्त रूप से विभिन्न औषधीय प्रजाति के पौधों का रोपण किया। इस मौके पर अपर आयुक्त गढ़वाल प्रशासन नरेंद्र सिंह क्वीरियाल ने कहा कि प्रतिवर्ष मानसून सत्र में हजारों की संख्या में पौधे लगाए जाते हैं, किंतु रखरखाव के अभाव में अधिकतर पौधे दम तोड़ देते हैं। कोशिश होनी चाहिए कि भले ही एक व्यक्ति एक पौधा लगाए। मगर, उनके स्वस्थ होने तक उसकी देखरेख वह स्वयं करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है। जिसका मुख्य कारण पेड़ों का कटान और अत्यधिक ईंधन का प्रयोग है। इसको लेकर यदि अभी से नहीं जागे तो आने वाले समय में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि नगर निगम की ओर से हरेला महोत्सव पखवाड़ा मनाया जा रहा है। हमारी कोशिश यह है कि सभी सामाजिक, व्यापारिक, शिक्षण संस्थानों को इस अभियान से जोड़ा जाए। उन्होंने बताया कि हमारा प्रयास है कि जितने भी पौधे हम लगाए उसका समय-समय पर देखभाल हो, यही कारण है कि पौधों के साथ ट्री गार्ड की भी व्यवस्था की गई है।
पौधारोपण अभियान में प्रेस क्लब संरक्षक विक्रम सिंह, हरीश तिवारी, जितेंद्र चमोली, प्रेस क्लब अध्यक्ष दुर्गा नौटियाल, आलोक पंवार, राजेंद्र सिंह भंडारी, अमित कंडियाल, गौरव ममगाईं, दिनेश सुरियाल, पंकज कौशल, रणवीर सिंह, सागर रस्तोगी, राव शहजाद के अलावा सफाई निरीक्षक संतोष गुसाईं, अवर अभियंता तरुण लखेड़ा आदि शामिल रहे।
पौधारोपण के बाद इनके देखभाल में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका… तभी सार्थक होगा पर्व
