सहारनपुर 15 सितंबर। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने सहारनपुर में ब्राह्मण इतिहास एवं गोत्रावली पत्रिका के स्वतंत्रता सेनानी विशेषांक का विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह पत्रिका भविष्य की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
रविवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में भारतीय ब्राह्मण महासंघ भारत सामाजिक संस्था की ओर से आयोजित ब्राह्मण इतिहास एवं गोत्रावली पत्रिका के स्वतंत्रता सेनानी विशेषांक के प्रकाशित समारोह में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लेकर डॉ हर्षवर्धन द्वारा लिखित पत्रिका का विमोचन और विशिष्ट नागरिकों को सम्मान प्रदान किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह विशेषांक न केवल ब्राह्मण समुदाय की ऐतिहासिक उपलब्धियों को उजागर करता है, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम के नायकों को सम्मानित करने का एक सराहनीय प्रयास है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस पत्रिका में स्वतंत्रता सेनानियों की जीवनी, उनके संघर्ष और उनकी असीमित प्रेरणा को समेटते हुए प्रकाशित किया गया है, जो भविष्य की पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। उन्होंने इस प्रकार के आयोजन को समाज में सकारात्मक बदलाव और ऐतिहासिक जागरूकता का एक महत्वपूर्ण कदम बताया। मौके पर मेयर डॉ. अजय कुमार सिंह, सदर विधायक राजीव कुमार, पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल, पूर्व सांसद राधव लखनपाल शर्मा, राहुल लखनपाल शर्मा, पूर्व महानगर भाजपा अध्यक्ष, पंडित अतुल पाराशर, मुकेश दीक्षित आदि मौजूद रहे।
भविष्य की पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी यह पत्रिका! यूपी में यूके विधानसभा अध्यक्ष ने किया विमोचन
