ऋषिकेश 26 दिसंबर। नगर निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस को जोर का झटका लगा है! पार्टी के पूर्व पार्षद और अधिवक्ता ने कांग्रेस को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। क्षेत्रीय विधायक और उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने दोनों को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता दिलाई।
गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक व मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कांग्रेस पार्टी से पार्षद रहे जगत सिंह नेगी तथा पार्षद प्रत्याशी रहे अधिवक्ता पुष्कर बंगवाल को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता दिलाई।
भाजपा का दामन थामने के दौरान कांग्रेस के निवर्तमान पार्षद जगत सिंह नेगी और पुष्कर बंगवाल ने कहा कि कांग्रेस में कभी उन्हें सम्मान नहीं मिला। उनके विचारों और सुझावों की कांग्रेस ने कभी कदर नहीं किया। एक स्वर में कहा कि भाजपा के रीति और अनुशासन से प्रभावित होकर आए हैं।
फूलमाला से स्वागत करते हुए कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने कहा कि भाजपा संगठन विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है। भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान होता है, जो अन्य संगठन में नहीं है। कहा कि भाजपा में संयम और धैर्य रखने वाले कार्यकर्ता को मान मिलता है। आज हर वर्ग का व्यक्ति भाजपा संगठन से जुड़ना चाहता है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष रविंद्र राणा ने भाजपा संगठन में स्वागत करते हुए कहा कि जगत सिंह और पुष्कर बंगवाल के आने से पार्टी को फायदा होगा।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष मनोज ध्यानी भी उपस्थित रहे।