निकाय चुनाव में खामोश मतदाताओं पर रहेगी सभी की नजर
डोईवाला (भारत गुप्ता)। नगर पालिका चुनाव में अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला बनता नजर आ रहा है। भाजपा अध्यक्ष प्रत्याशी नरेंद्र सिंह नेगी, कांग्रेस प्रत्याशी सागर मनवाल और कांग्रेस से बागी हुए निर्दलीय उम्मीदवार राजवीर खत्री, थॉमस मैसी और यामिनी अध्यक्ष पद के लिए चुनावी मैदान में डटे हुए हैं। इस बार नगर पालिका का चुनाव प्रक्रिया त्रिकोणीय मोड पर लाकर खड़ा हो गया है। टिकट न मिलने से कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष राजवीर खत्री ने 3 जनवरी को अपना नामांकन वापस नहीं लिया और मैदान में डटे रहे। कांग्रेस से बागी होकर मैदान में उतरे राजवीर खत्री ने कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी है।
निर्दलीय प्रत्याशी राजवीर खत्री ने कांग्रेस प्रत्याशी सागर मनवाल के लिए चुनौती बनी हुई है। वहीं, भाजपा ने अपने दो बागी निर्दलीयों का नामांकन वापस कराकर मैदान जीत लिया है। भाजपा का कोई भी बागी चुनाव मैदान में नहीं है! सभी प्रत्याशियों ने चुनाव के लिए अपनी-अपनी कमर कस ली है और जनता के बीच जाकर अपने अपने समीकरण बता रहे हैं। मतदान वाले दिन मतदान का प्रतिशत विजय पराजय में प्रभावी होगा। अब देखना यह है कि नगर निकाय चुनाव में 23 जनवरी को लगभग 61हजार मतदाताओं का मत किसको मिलेगा? नगर पालिका में त्रिकोणीय मुकाबला होने से मतदाता अपने मत किसे देंगे, इस पर विचार किया जा रहा है,वैसे खामोश मतदाता किसकी तकदीर बना बिगाड़ दे कुछ कहना मुश्किल है। मतदान के बाद निगाहें 25 जनवरी को होने वाली मतगणना पर रहेगी।