ऋषिकेश 10 जनवरी। ग्रीष्म काल के दौरान वन क्षेत्र में संभावित आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए गौहरी रेंज में कवायद शुरू कर दी है। वनाग्नि की प्रभावी रोकथाम के लिए रेंज में चार क्रू-स्टेशन बनाए जाएंगे। साथ ही जन जागरूकता अभियान आरंभ किया गया है।
प्रभागीय वनाधिकारी भूमि संरक्षण वन प्रभाग लैन्सडीन के निर्देशानुसार गोहरी रेंज ने वनाग्नि काल 2025 को लेकर गांवों व वन पंचायतों में जाकर ग्रामीणों व वन पंचायत सरपंचो को वनाग्नि के लिए जागरूक करना शुरू कर दिया है।
ग्राम प्रधान उमड़ा सत्यप्रसाद हर्षवाल, ग्राम प्रधान जुलेडी पुष्पा देवी, ग्राम प्रधान कोठार नीरज पयाल वन पंचायत सरंपच धमान्द प्रिया देवी, वन सरपंच मंगलिया गांव विशाल नयाल, वन पंचायत सरंपच फल्दाकोट परमबीर पयाल, वन पंचायत सरपंच पटना मरला जोग्याणा, बिजनी छोटी आदि द्वारा वन अग्नि काल 2025 के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
वन क्षेत्राधिकारी गौहरी रेंज सुनील रावत ने बताया कि अभी तक रेंज द्वारा वनाग्नि काल से पूर्व तैयारी कर 7 गोष्ठी का आयोजन माला, जोग्याणा, खेडा तल्ला, बिजनी छोटी आदि ग्रामों में किया गया है। साथ ही वनाग्नि काल के लिए 4 क्रू-स्टेशन बनाये जाने हेतु क्षेत्रों का चयन कर लिया गया है। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि जन जागरूकता अभियान के तहत वन दरोगा पंकज कुमार आर्य, वन आरक्षी मनजीत सिंह गुसाईं, अनुज चौधरी, अर्चना रावत, पवन वन पंचायतों को गोष्ठी कर ग्रामीणों को जागरुक कर रहे हैं।