
देहरादून/ऋषिकेश। केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को ऊर्जा क्षेत्र में बड़ी सौगात दी है। आर.डी.एस.एस. योजना के अंतर्गत यूपीसीएल को ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर क्षेत्र में एच.टी.और एल.टी. विद्युत लाइनों के भूमिगतकरण तथा SCADA ऑटोमेशन प्रणाली के लिए 547.73 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस परियोजना के अनुमोदन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उत्तराखण्ड सरकार ने केंद्र से अनुरोध किया था, जिस पर यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत इस परियोजना में कुल लागत 547.73 करोड़ (जिसमें समानांतर जीबीएस 493.05 करोड़ शामिल) तथा पी.एम.ए. शुल्क 8.22 करोड़ (जीबीएस 7.39 करोड़ सहित) निर्धारित किया गया है।
SCADA ऑटोमेशन लागू होने से बिजली आपूर्ति की पारदर्शिता, सतत निगरानी और त्वरित सुधार संभव होगा।
क्यों है महत्वपूर्ण?
यह परियोजना ऋषिकेश के गंगा कॉरिडोर क्षेत्र को आधुनिक और सुरक्षित बिजली तंत्र से जोड़ने के साथ ही, पर्यटन और धार्मिक महत्व वाले इस शहर में सुरक्षा, पर्यावरणीय संरक्षण और सौंदर्यकरण को भी नया आयाम देगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा
ऋषिकेश जैसे आध्यात्मिक, पर्यटन और कुंभ क्षेत्र के लिए यह परियोजना न केवल विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाएगी, बल्कि नगर के सौंदर्यकरण, सुरक्षा और पर्यावरणीय संतुलन में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी। राज्य सरकार इस योजना को समयबद्ध तरीके से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण, सतत और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति मिल सके।