
देहरादून, 25 मई। भैरव सेना संगठन ने मनी-लॉन्ड्रिंग जिहाद के आरोपों को लेकर रविवार को नेहरू कॉलोनी थाने के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन की केंद्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष अनिता थापा के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने पीड़ित के साथ मिलकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित ने 3 मई को थाने में तहरीर दी थी, लेकिन 24 दिन बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने पर संगठन ने सख्त रुख अपनाया। संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष संदीप खत्री ने बताया कि उत्तराखंड में संगठित मनी-लॉन्ड्रिंग गिरोह सक्रिय हैं जो छात्रों के खातों का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आशिफ कुरैशी नामक व्यक्ति छात्रों के खातों में 13 से 20 लाख रुपये तक के संदिग्ध लेनदेन करवा रहा है, लेकिन अब तक पुलिस ने उसे गिरफ्तार नहीं किया।
जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह ने पुलिस पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए पूछा कि तहरीर देने के बावजूद कार्रवाई में इतनी देरी क्यों हुई। संगठन के वरिष्ठ सदस्य चतुरानंद मलेथा ने बताया कि जब कुछ युवाओं ने कुरैशी के खिलाफ आवाज उठाई तो उसने अपने साथियों के साथ जाकर उन्हें धमकाया।
प्रदर्शन के दौरान थाना प्रशासन ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों को शांत किया गया। केंद्रीय महासचिव संजय पवार ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ, तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा।
प्रदर्शन में अनिता थापा, काजल चौहान, संजय सिंह पंवार, करण शर्मा, शैलेंद्र थपलियाल, नीलम राणा, गणेश जोशी, अनु राजपूत, अमन पासवान, अजय शर्मा आदि मौजूद रहे।