
ऋषिकेश, 16 जून। इंदिरानगर निवासी वंश गर्ग ने नीट (NEET) परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया रैंक 12776 प्राप्त कर ऋषिकेश ही नहीं, पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। यह वंश का तीसरा प्रयास था और इस बार उन्होंने कठिन परिश्रम और पूरे समर्पण के साथ अपनी मंजिल को पा लिया।
वंश, स्वर्गीय डॉ. मनोज गर्ग के पुत्र हैं, जो ऋषिकेश के प्रतिष्ठित गणित शिक्षक थे। वर्ष 2020 में हृदयघात के कारण उनका निधन हो गया था। पिता की अनुपस्थिति में वंश ने मां और बहन के सहयोग से अपने सपनों की उड़ान जारी रखी।
वंश ने बताया कि कठिन परिस्थितियों और संसाधनों की कमी के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। प्रतिदिन 6 से 8 घंटे की नियमित पढ़ाई और आत्मविश्वास की बदौलत उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। वंश ने अपनी 12वीं की पढ़ाई एसबीएम पब्लिक स्कूल से पूरी की है।
अपने लक्ष्य के बारे में बात करते हुए वंश ने कहा कि वे डॉक्टर बनकर समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना चाहते हैं। इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। उनकी माताजी, ताऊजी और ताईजी ने वंश की इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए ढेरों आशीर्वाद दिए हैं।
🔹 तीन प्रयासों में सफलता
🔹 पिता के सपनों को किया साकार
🔹 डॉक्टर बनकर समाज सेवा का है सपना
वंश गर्ग की यह सफलता इस बात का उदाहरण है कि कठिनाइयों के बीच भी अगर हौसले बुलंद हों, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। ऋषिकेश और उत्तराखंड को वंश पर गर्व है।