
ऋषिकेश, 20 अगस्त। देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जिले के कांग्रेसजनों ने राजीव को नमन किया और उनके योगदान को याद किया।
सोमवार को रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल और महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि 1984 में मात्र 40 वर्ष की आयु में प्रधानमंत्री बनने वाले राजीव गांधी ने देश को तकनीकी और शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा दी। राजीव गांधी को कंप्यूटर और आधुनिक तकनीक भारत लाने के लिए हमेशा याद किया जाएगा।
वरिष्ठ कांग्रेसी मदन मोहन शर्मा और अरविंद जैन ने कहा कि राजीव गांधी ने पंचायती राज सुधारों के माध्यम से स्थानीय निकायों को सशक्त बनाया। उन्होंने खाद्यान्न वितरण प्रणाली (पीडीएस) को मज़बूत किया और टेलीफोन, सड़क एवं संचार व्यवस्था को आमजन तक पहुंचाने का काम किया।
सभा में उपस्थित कांग्रेसजनों ने कहा कि 21 मई 1991 को एक चुनावी रैली के दौरान राजीव गांधी की दुखद हत्या देश के लिए अपूरणीय क्षति थी। उनके योगदान को देखते हुए वर्ष 1991 में उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
श्रद्धांजलि सभा में प्रदीप जैन, शैलेन्द्र बिष्ट, राकेश अग्रवाल, पार्षद देवेंद्र कुमार प्रजापति, भगवान सिंह पंवार, सूरत कोहली, राजेंद्र कोठारी, प्यारेलाल जुगरान, रुकम पोखरियाल, मनीष जाटव, मधु जोशी, कमलेश शर्मा, राजेश शर्मा, सुमित चौधरी, राकेश वर्मा, हरि सिंह नेगी, अशोक शर्मा आदि उपस्थित रहे।