ऋषिकेश 13 नवंबर। छात्र संघ चुनाव में एनएसयूआई को मिली हार का ठीकरा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष समेत स्थानीय पार्टी पदाधिकारियों पर फोड़ा है। प्रदेश सचिव कांग्रेस विवेक तिवारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण सिंह माहरा की छात्र संघ चुनाव में नकारात्मक भूमिका के चलते पूरे प्रदेश में एनएसयूआई को हर का सामना करना पड़ा है। पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त लोगों की सूची प्रदेश प्रभारी एनएसयूआई अक्षय लाकड़ा को भेजी है, ताकि इन पर अनुशासनहीनता ही कार्रवाई की जा सके। नाराज प्रदेश सचिव विवेक तिवारी ने पार्टी से इस्तीफा देने की भी घोषणा की।
सोमवार को ऋषिकेश आईएसबीटी स्थित प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान कांग्रेस के प्रदेश सचिव विवेक तिवारी ने कहा कि ऋषिकेश छात्र चुनाव में एनएसयूआई अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रोहित नेगी को टिकट देने के बाद पार्टी पदाधिकारी ने उनकी जीत सुनिश्चित करने की बजाय बागी प्रत्याशी के समर्थन में काम किया। तिवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश अध्यक्ष करण सिंह माहरा ने एक बयान दिया था कि एनएसयूआई में टिकट मायने नहीं रखता। हम जिसे चाहे जीत सकते हैं हरा सकते हैं और इस चुनाव में वही हुआ। टॉप लगा के पूरे प्रदेश में यही स्थिति रही।
छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे रोहित नेगी ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी रहे और महानगर के मुखिया समेत सभी ने उनके लिए कार्य नहीं किया जिससे उनकी हार हुई है।
प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस अभिनव मलिक ने बताया कि छात्र संघ चुनाव में एनएसयूआई प्रत्याशियों के खिलाफ कार्य करने वाले कांग्रेस पार्टी और फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन के लोगों की सूची तैयार कर एनएसयूआई प्रदेश प्रभारी अक्षय लाकड़ा को भेज दी गई है। प्रदेश अध्यक्ष करण सिंह माहरा की भूमिका पर सवाल उठाए।
पत्रकार वार्ता में पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष साक्षी तिवारी, पूर्व प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस अजय धीमान, छात्र नेता आयुष चौहान, पूर्व विधानसभा महासचिव युवा कांग्रेस अंकुश प्रकाश, युवा कांग्रेस विधानसभा महासचिव विकास केवट मौजूद रहे।