ऋषिकेश। उत्तराखंड भाजपा कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक का आगाज रायवाला में रविवार को हुआ। बैठक में नगर निकाय और वर्ष 2024 लोकसभा चुनाव को साधने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। सोमवार को अंतिम दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बैठक में शामिल होंगे।
रविवार से रायवाला में शुरू हुई भाजपा की दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने प्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेताओं के साथ नगर निकाय और लोकसभा चुनाव को लेकर विचार विमर्श किया। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों से हकीकत जानी। चुनाव के मद्देनजर चार महीने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने पर चर्चा की।
खासकर नगर निकाय चुनाव में एक बार फिर परचम लहराने के लिए प्रदेश व जिला पदाधकारियों को अहम जिम्मेदारी दी गई। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए भी रणनीति पर चर्चा की। कार्यसमिति में सरकार और संगठन के बीच समांजस्य स्थापित कर राज्य में भाजपा की दोनों चुनाव में जीत को लेकर टिप्स भी दिए।