
चांदमारी तिराहा से नगर चौक तक पैदल मार्च, हिमांशु चमोली पर मानसिक-आर्थिक उत्पीड़न के आरोप
डोईवाला, 22 अगस्त। जॉलीग्रांट निवासी युवा जितेंद्र नेगी की आत्महत्या के विरोध में कांग्रेसियों ने शुक्रवार को डोईवाला में जोरदार प्रदर्शन किया। परवादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चांदमारी तिराहा से नगर चौक तक पैदल मार्च किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर लिए प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और नगर चौक पर सरकार का पुतला फूंका।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता हिमांशु चमोली द्वारा मानसिक एवं आर्थिक उत्पीड़न से पीड़ित होकर जितेंद्र नेगी ने आत्महत्या की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार आरोपियों को बचा रही है, जो न्याय की राह में सबसे बड़ी बाधा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि जितेंद्र नेगी की मौत केवल एक व्यक्तिगत त्रासदी नहीं, बल्कि शासन की लापरवाही और राजनीतिक संरक्षण का नतीजा है। यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन तेज करेगी।
कांग्रेस प्रदेश सचिव सागर मनवाल ने कहा कि यह केवल प्रशासनिक चूक नहीं है, बल्कि दोषियों को संरक्षण देने का गंभीर मामला है। हिमांशु चमोली को तत्काल सजा मिलनी चाहिए। जब तक जनता को न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद कपरुवाण शास्त्री, डोईवाला ब्लॉक कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष उमेद बोरा, ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, जिला उपाध्यक्ष सुनील बर्मन, रेखा बहुगुणा, जिला महासचिव राहुल सैनी, संदीप थापा, शार्दूल नेगी, मंडल अध्यक्ष तेजपाल सिंह, रहीस अहमद, एससी विभाग जिलाध्यक्ष जीतेन्द्र कुमार, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष सन्नी प्रजापति, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष सावन राठौर, एनएसयूआई विधानसभा अध्यक्ष राहुल आर्य, सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।