
प्रधानमंत्री मोदी ने देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में महिला शक्ति को किया नमन, कहा – भारत की बेटियां हर चुनौती पर पा सकती हैं विजय
भोपाल से विशेष रिपोर्ट:
शनिवार 31 मई। “ऑपरेशन सिंदूर” देश की रक्षा और नारी शक्ति के अद्वितीय साहस का प्रतीक बन गया है। इस विशेष ऑपरेशन में बीएसएफ की बेटियों ने मोर्चा संभालते हुए अद्भुत शौर्य और पराक्रम का प्रदर्शन किया। इन वीरांगनाओं ने यह सिद्ध कर दिया कि देश की सुरक्षा अब सिर्फ पुरुषों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि बेटियां भी हर चुनौती से दो-दो हाथ करने को तैयार हैं। लोक माता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन देश की बेटियों, उनकी ताकत और उनके योगदान को समर्पित रहा, जिसमें प्रधानमंत्री का संदेश स्पष्ट था – “बेटियां अब केवल सीमाएं नहीं, इतिहास रच रही हैं।”
समुद्र से आसमान तक बेटियों का परचम:
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि भारतीय नौसेना की दो बेटियों ने 250 दिन की साहसी समुद्री यात्रा पूरी की है। यह यात्रा एक ऐसी नाव से की गई, जो मोटर से नहीं बल्कि हवा से चलती है। इस दौरान उन्होंने हफ्तों तक जमीन नहीं देखी, समुद्री तूफानों का सामना किया और हर कठिनाई पर विजय पाई। प्रधानमंत्री ने इसे नारी शक्ति की क्षमता का जीता-जागता उदाहरण बताया।
अहिल्याबाई की भूमि से नारी शक्ति को सलाम:
शनिवार को भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित लोकमाता देवी अहिल्याबाई सशक्तिकरण महासम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने मध्य प्रदेश की वीरांगनाओं और महान महिलाओं के योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि “देवी अहिल्या, रानी लक्ष्मीबाई, रानी दुर्गावती, रानी चिन्नम्मा, सावित्रीबाई फुले जैसे नाम हमें गौरव और प्रेरणा से भर देते हैं। आज भारत विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर चल रहा है। अहिल्याबाई की 303वीं जयंती हमें प्रेरित करती रहेगी।”
मध्य प्रदेश में हो रहा बुनियादी ढांचे का विस्तार:
प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि भोपाल में मेट्रो का कार्य तेज़ी से चल रहा है, दतिया और सतना अब हवाई यात्रा से जुड़ गए हैं। रेलवे क्षेत्र में भी व्यापक कार्य हो रहे हैं, जिससे राज्य की कनेक्टिविटी को और मजबूती मिल रही है।
आतंक के खिलाफ सख्त संदेश:
पीएम मोदी ने सुरक्षा बलों के साहसिक कार्यों की सराहना करते हुए आतंक के विरुद्ध सख्त रुख भी स्पष्ट किया। उन्होंने कहा “गोली का जवाब गोले से देंगे, आतंकियों को घर में घुसकर मारेंगे।”