
रुद्रप्रयाग | 31 मई 2025
रिपोर्टर: न्यूज़ डेस्क
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर काकड़ागाड़ के पास पहाड़ी से अचानक भारी भरकम पत्थर गिरने से एक मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में वाहन चालक सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैक्स वाहन छत्तीसगढ़ से केदारनाथ यात्रा के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को लेकर गौरीकुंड की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान काकड़ागाड़ क्षेत्र में पहाड़ी से अचानक भारी चट्टानें गिर गईं, जो सीधे वाहन पर आ गिरीं।
इस हादसे में वाहन चालक राजेश रावत, निवासी नाग पनियाला (टिहरी) और एक अन्य यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल यात्रियों को स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रशासन ने दी चेतावनी
बारिश के चलते पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने की संभावना रहती हैं। प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों को सावधानी बरतने और मौसम की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा जारी रखने की सलाह दी है।
मुख्य बिंदु:
हादसा शनिवार सुबह काकड़ागाड़ क्षेत्र में हुआ
दो लोगों की मौके पर ही मौत, चार घायल
मृतक चालक की पहचान राजेश रावत (नाग पनियाला, टिहरी) के रूप में हुई
सभी यात्री छत्तीसगढ़ से केदारनाथ यात्रा पर निकले थे
➡️ अधिक जानकारी और अपडेट के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।