
ऋषिकेश/देहरादून, 27 जून। उत्तराखंड के देहरादून जनपद की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) टीम में तैनात मुख्य आरक्षी कमल जोशी का शुक्रवार को ह्रदयाघात के चलते अकस्मात निधन हो गया। इस दुखद घटना से पुलिस विभाग सहित समस्त जनपद में शोक की लहर दौड़ गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून अजय सिंह ने मुख्य आरक्षी कमल जोशी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि शोक संतप्त परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल एवं शक्ति प्रदान करें।
दिवंगत कमल जोशी मूल रूप से कुमाऊं मंडल के ग्राम डुगरा कोट, तहसील पाटी, जनपद चम्पावत के निवासी थे। वर्तमान में वे अपने परिवार संग रूड़की, जनपद हरिद्वार में निवासरत थे।
जोशी ने वर्ष 2001 में आरक्षी पद पर पुलिस विभाग में अपनी सेवा आरंभ की थी। उनकी कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना को देखते हुए वर्ष 2022 में उन्हें मुख्य आरक्षी पद पर पदोन्नति प्राप्त हुई थी। वर्तमान में वे 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार में मुख्य आरक्षी की ट्रेनिंग ले रहे थे।
🙏 उत्तराखंड पुलिस परिवार दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है और उनके परिवार के साथ इस कठिन समय में पूरी संवेदना के साथ खड़ा है।