
डोईवाला (देहरादून)। आदर्श औद्योगिक स्वायत्तता सहकारिता (आदर्श संस्था) डोईवाला के तत्वावधान में आयोजित पर्यावरणीय गोष्ठी में जल, जंगल, जमीन और प्राकृतिक स्रोतों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया। इस अवसर पर पौधारोपण कर पर्यावरण को संरक्षित रखने की शपथ भी दिलाई गई।
गोष्ठी का आयोजन पब्लिक इंटर कॉलेज डोईवाला में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और प्राकृतिक स्रोतों को बचाना केवल आवश्यकता नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य भी है। जब ये सुरक्षित रहेंगे तभी हमारा भविष्य सुरक्षित रहेगा। उत्तराखंड को श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
संस्था अध्यक्ष आशा कोठारी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन को साकार करने के लिए आम जनमानस को भी प्रकृति संरक्षण में भागीदार बनना होगा। वहीं, संस्था के सचिव हरीश कोठारी ने बताया कि आदर्श संस्था लगातार नशामुक्ति, महिला कल्याण और सामाजिक रचनात्मक कार्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र नेगी, लच्छीवाला रेंज अधिकारी मेधावी कृति और पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने संस्था की सराहना करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए ऐसे कार्यक्रमों की बेहद जरूरत है।
कार्यक्रम के दौरान प्रो. दुर्गेश पंत ने ऊर्जा विभाग के अवर अभियंता दीपक जोशी और समाजसेवी शैलेश पाल को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अश्वनी गुप्ता ने किया। मौके पर शिक्षक आलोक जोशी, डिप्टी रेंजर महेंद्र चौहान, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष प्रकाश कोठारी, शोभित उनियाल, सचिन मेहता, साक्षी सुंदरियाल, पूजा जोशी, सुदेश सहगल, राजीव कंडवाल आदि मौजूद रहे।