
टिहरी गढ़वाल, 27 जुलाई। थाना मुनिकीरेती क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक देर रात पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि PWD तिराहा, मुनिकीरेती पर एक व्यक्ति लहू-लुहान हालत में सड़क किनारे पड़ा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पाया गया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की स्थिति बेहद क्षतविक्षत हालत में थी। बहरहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। लगभग 45 वर्षीय मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए सरकारी अस्पताल ऋषिकेश के शवगृह में सुरक्षित रखा है।
उप निरीक्षक योगेश पांडेय ने बताया कि पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है और CCTV फुटेज व चश्मदीदों से जानकारी जुटाई जा रही है ताकि दुर्घटना के कारण बने वाहन और चालक का पता लगाया जा सके।