विधानसभा अध्यक्ष ने किया चकबंदी के नायक की पुस्तक का विमोचन
देहरादून,26 मार्च। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने उत्तराखंड में चकबंदी के नायक गणेश सिंह गरीब के जीवन पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने चकबंदी के लिए जागरूकता फैलाने पर जोर दिया।
रविवार को देहरादून नगर निगम के टाउन हॉल में टूरिस्ट संदेश फाउंडेशन की ओर से आयोजित संवाद से समृद्धि कार्यक्रम में लेखक सुभाष चंद्र नौटियाल की पुस्तक उत्तराखंड में चकबंदी के अप्रतिम नायक गणेश सिंह गरीब पुस्तक का विमोचन किया गया।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि यदि लोगों को सही जानकारी के साथ जागरूक किया जाएगा तो वो चकबंदी के लिए अवश्य तैयार हो जाएंगे। उन्होंने चकबंदी को लेकर जागरूकता फैलाने की बात कही। उन्होंने ब्लाक स्तर पर चकबंदी से सम्बंधित कार्यक्रम करने और लोगों को जागरूक करने पर बल दिया।
गणेश सिंह गरीब ने कहा कि पहाड़ के लिहाज से चकबंदी व्यवस्था लागू ना होने के चलते पहाड़ी जिलों से बदस्तूर पलायन हुआ है और कृषि उत्पादन में भी कमी आई है। उपेक्षित पड़ी पहाड़ की हजारों हजार नाली कृषि योग्य भूमि आज बंजर पड़ गई है। इसके लिए उचित नीति निर्धारण की जरूरत है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यक्रम में लगे पहाड़ी उत्पादों के स्टालों का निरीक्षण किया। मौके पर पूर्व विधायक केदार सिंह रावत, सूचना आयुक्त बृजेश भट्ट,भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनोद सुयाल, राकेश मोहन ध्यानी, डा. प्रकाश थपलियाल, एसएस गुनसोला, नीलम नौटियाल, बबिता ध्यानी, त्रिलोक चंद सोनी, अनूप पटवाल आदि मौजूद रहे।