हल्द्वानी, 21 मई। सिंचाई विभाग के प्रधान सहायक से खुद को विजिलेंस का अधिकारी बताकर एक लाख की रंगदारी मांगने के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने दो कथित पत्रकार और एक चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मामले में एक महिला आरोपी फरार है। पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपियों से 1 लाख रुपए में से 90 हजार रुपए बरामद कर लिए हैं। दो के पास से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का आई कार्ड भी मिला है। पुलिस की माने तो इनका पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है।
पुलिस ने बताया कि 18 मई को तीन पुरुष और एक महिला विजिलेंस अधिकारी बनकर सिंचाई विभाग के हल्द्वानी कार्यालय पहुंचे और सिंचाई विभाग के प्रधान सहायक को डरा धमका कर उनकी वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देते हुए एक लाख की रंगदारी मांगी। बताया जा रहा है कि पीड़ित ने घबराकर किसी से रकम जुटाई और उन्हें दे दी।
बाद में पीड़ित प्रधान सहायक उमेश चंद्र कोठारी ने हिम्मत जुटाई और हल्द्वानी कोतवाली में अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ 1लाख रूपये वसूल करने के विरुद्ध मामला दर्ज कराया। पुलिस ने छानबीन शुरू की।सीसीटीवी के आधार पर तीन लोगों को गिरफ्तार किया, जो उधम सिंह नगर के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनकी पहचान भूपेंद्र सिंह पन्नू, सौरभ गाबा और फरार महिला साक्षी सक्सेना निवासी नोएडा उत्तर प्रदेश के रूप में कराई है। पुलिस ने बताया कि भूपेंद्र सिंह पन्नू के खिलाफ थाना बाजपुर में पहले से मामले दर्ज है। जबकि दूसरा आरोपी सौरभ गाबा वर्ष 2019 में एक डॉक्टर का स्टिंग कर रंगदारी मांगने के मामले में जेल जा चुका है। घटना में प्रयुक्त कार को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।