देहरादून/ऋषिकेश, 4 जुलाई। भाजपा देहरादून महानगर ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत श्रीदेव सुमन नगर मंडल में महासंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान भाजपाइयों ने मोदी सरकार के 9 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों से आमजन को रूबरू कराया। वहीं, ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में क्षेत्रीय विधायक और कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने क्षेत्र में जनसंपर्क किया।
मंगलवार को भाजपा महानगर देहरादून के अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट के नेतृत्व में श्री देव सुमन नगर मंडल में कार्यकर्ताओं ने घर घर जाकर विशेष सम्पर्क किया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित भी किया गया। अभियान में सेवानिवृत्त चीफ जनरल यूपीसीएल प्रेमप्रकाश शर्मा, पूर्व जनसंघ कार्यकर्त्ता दिनेश उनियाल, पूर्व प्रिंसीपल डीएवी कॉलेज बीएल नौटियाल, पूर्व मुख्य सचिव उत्तराखंड सरकार ओमप्रकाश, पद्मश्री डॉ. बीकेएस संजय, वरिष्ठ उद्योगपति सुरेश चन्द्र माथुर, वीरेंद्र कुमार, महानगर महामंत्री सुरेंद्र सिंह राणा, पूर्व मंडलाध्यक्ष पूनम नौटियाल, मंडलाध्यक्ष प्रदीप रावत, पार्षद संजय नौटियाल, कमल थापा, सुनीता विद्यार्थी, भास्कर गुरूंग, देवेन्द्र, जगदीश लखेड़ा, राजेश बडोनी, भावना बिष्ट, रेखा राजपुत, निशा शर्मा आदि शामिल रहे।
वही,ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में महासंपर्क अभियान के तहत कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने भाजपाइयों के साथ जनता से संपर्क कर मोदी सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में सरकार का पूरा ध्यान विकास के नवरत्नों पर है। उन्होंने बताया कि इसमें पहला रत्न- केदारनाथ व बद्रीनाथ धाम में 1300 करोड़ रुपए से पुनर्निर्माण का कार्य, दूसरा रत्न- ढाई हजार करोड़ रुपए की लागत से गौरीकुण्ड-केदारनाथ और गोविंदघाट-हेमकुण्ट साहिब रोपवे का कार्य, तीसरा रत्न- कुमायूं के पौराणिक मंदिरों को भव्य बनाने के लिये मानसखण्ड मंदिर माला मिशन का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके तहत पहले चरण में 16 मन्दिरों को शामिल किया गया है। चौथा रत्न- पूरे राज्य में होम स्टे को तेजी से बढ़ावा दिया जाना। पांचवा रत्न- राज्य में 16 ईको टूरिज्म डेस्टिनेशन का विकास, छठा रत्न- उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार, उधमसिंह नगर में एम्स का सेटलाइट सेंटर भी बनाया जा रहा है। सातवां रत्न- करीब 2 हजार करोड़ रुपए की लागत वाली टिहरी लेक डेवलपमेंट परियोजना के कार्य किये जा रहे हैं। आठवां रत्न ऋषिकेश-हरिद्वार का एडवेंचर टूरिज्म और योग की राजधानी के रूप में विकास किया जा रहा है। नौवा रत्न टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन पर जल्द काम शुरू हो जाएगा।
इस दौरान नगर निगम पार्षद शिव कुमार गौतम, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुमित पंवार, जिला उपाध्यक्ष मनोज ध्यानी, मंडल महामंत्री नितिन सक्सेना, अशोक शर्मा, सागर साधुका, अभिनव पाल आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सरकार का पूरा फोकस विकास के नवरत्नों पर! महासंपर्क अभियान में हुए जनता से रूबरू
