शहर के विभिन्न स्थानों पर सजे पंडाल,घर घर बिराजे बप्पा
मेयर अनिता ममगाईं ने शहरवासियों को दी पर्व की बधाई
ऋषिकेश 19 सितंबर। गणेश चतुर्थी पर्व पर तीर्थनगरी ऋषिकेश गणपति बप्पा के रंग में डूबी नजर आई। पर्व पर जहां विभिन्न स्थानों पर विघ्न विनाशक गणेशजी के पंडाल सजे। वहीं, श्रद्वापूर्वक बड़ी संख्या में श्रद्वालुओं ने घरों में भी गणपति को स्थापित किया।
तीर्थनगरी ऋषिकेश में मंगलवार से प्रथम पूजनीय भगवान श्रीगणेश की जय-जयकार शुरू हो गई है। बाजारों में सुबह से ही रौनक देखने को मिली। लोगों ने विधि विधान के साथ गणपति को स्थापित किया। पर्व पर मेयर अनिता ममगाईं ने नगरवासियों को गणेश चतुर्थी की बधाई दी है।
देशभर के साथ देवभूमि में भी रिद्धि-सिद्धि के दाता श्रीगणेश मंगलवार को घर-घर विराजे। मेयर अनिता ममगाईं ने आर्दश ग्राम पुष्कर मंदिर में एवं श्री गणपति सेवा मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर गणपति बप्पा की पूजा अर्चना कर सुख और सृमद्धि की मंगल कामना की। शहर में गणेश उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में आस्था और उल्लास नजर आया।
मेयर अनीता ममगाईं ने बताया कि भगवान गणेश के जन्म उत्सव को गणेश चतुर्थी के रूप में जाना जाता है। गणेशजी को बुद्धि, समृद्धि, सौभाग्य के देवता के रूप में पूजा जाता है। यह उत्सव दस दिन बाद अनंत चतुर्थी के दिन समाप्त होता है। उधर, श्री गणेश चतुर्थी पर्व के मौके पर श्रद्धालुओं ने घरों में ही भगवान गणपति की प्रतिमा की स्थापना की। श्रद्धालुओं ने आस्था और विश्वास के साथ भगवान गणेश की स्तुति की।