ऋषिकेश 23 दिसम्बर। गीता जयंती पर क्षेत्रीय विधायक और शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने लोगों से घरों में धार्मिक ग्रंथ गीता रखने का आह्वान किया। कहा कि लोगों के जीवन में श्रीमद्भागवत गीता का महत्वपूर्ण स्थान है। आज सनातन धर्म के प्रति बड़ी संख्या में विदेश से भी जुड़ना चाहते हैं। इस दौरान करीब 1800 स्कूली बच्चों ने गीता के श्लोक का वाचन किया।
शनिवार को हरिद्वार रोड स्थित श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में गीता जयंती पर प्रार्थना सभा में आयोजित कार्यक्रम में शहरी विकास मंत्री अग्रवाल ने कहा कि सांसारिक मोह के बंधन से मुक्ति दिलाने में प्रतिदिन गीता का पाठ करना बहुत फलदायी माना गया है। उन्होंने कहा कि गीता में इतनी शक्ति है कि कुरुक्षेत्र में जब अर्जुन अपनों को देखकर युद्ध लड़ने से पीछे हट गए थे तो कृष्ण ने गीता के उपदेश देकर उन्हें सही अच्छे और बुरे, पाप-पुण्य का अंतर समझाया। जिसके बाद अर्जुन ने युद्धभूमि में जीत हासिल की थी।
इस दौरान उन्होंने छात्र छात्राओं द्वारा गीता जयंती पर बनाए गए पोस्टर का भी अवलोकन किया।
इस मौके पर प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत, मंडलाध्यक्ष भाजपा सुमित पंवार, पार्षद शिव कुमार गौतम, संजीव पाल, रूपेश गुप्ता, अभिनब पाल, उप प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी, सुनील थपलियाल, रंजन अंथवाल, प्रवीण रावत, रंजना, शकुंतला, नीलम जोशी, सुशीला, धनंजय रांगड़, संजीव चौधरी, विकास नेगी, रमेश बुटोला आदि उपस्थित रहे।