
ऋषिकेश, 08 जून। उत्तराखंड के कोषागार विभाग में कार्यरत लेखाकारों को वेतन विसंगति से राहत मिलने पर कोषागार कर्मचारी संगठन उत्तराखंड द्वारा पूर्व वित्त मंत्री श्री प्रेमचंद अग्रवाल का अभिनंदन समारोह हिमालय होटल, ऋषिकेश में आयोजित किया गया। संगठन ने कैबिनेट के माध्यम से ग्रेड वेतन 4200 से बढ़ाकर 4800 करवाने के लिए श्री अग्रवाल का आभार प्रकट किया।
समारोह में प्रदेश महामंत्री रितेश मेहरा, जिला अध्यक्ष संदीप जोशी, एवं महामंत्री पंकज हटवाल ने विधायक अग्रवाल को माल्यार्पण कर उनका भव्य स्वागत किया। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण प्रसाद थपलियाल ने बताया कि 12 जून 2019 के बाद पदोन्नत लेखाकारों को 4200 ग्रेड वेतन दिया जा रहा था, जबकि पहले वह 4600 ग्रेड वेतन पर कार्य कर रहे थे। इससे कर्मचारियों में गहरी नाराजगी थी और संगठन लगातार इसके समाधान के लिए प्रयासरत था।
इस विषय में 8 दिसंबर 2023 को वित्त मंत्री रहते हुए प्रेमचंद अग्रवाल से संगठन की वार्ता हुई थी। अग्रवाल ने आश्वस्त किया था कि कर्मचारियों के साथ अन्याय नहीं होगा और उन्हें 4800 ग्रेड वेतन अनुमन्य कराया जाएगा। उनके निरंतर प्रयासों से 28 मई 2025 को धामी कैबिनेट में प्रस्ताव पारित हुआ तथा 6 जून 2025 को शासनादेश जारी कर दिया गया।
समारोह में बोलते हुए विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि वह हमेशा जनसमस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्कालीन अपर मुख्य सचिव श्री आनंद वर्धन और वित्त सचिव से चर्चा की थी, जिसके परिणामस्वरूप 175 कोषागार कर्मचारियों को न्याय मिला है। उन्होंने कोषागार संगठन का आभार जताते हुए कहा कि कम ही लोग कार्य पूर्ण होने के बाद भी धन्यवाद करते हैं और यह सम्मान उनके लिए विशेष है।
इस अवसर पर संगठन के प्रमुख पदाधिकारी रितेश मेहरा, संदीप जोशी, पंकज हटवाल, रवि थपलियाल, हिमांशु जैन, हरीश सिंह, संजय नौटियाल, प्रशांत शर्मा, राहुल कुमार, भरत सिंह, कल्याण सिंह, मोहम्मद शमीम, अनवर अली, रघुनंदन मिश्रा, दीपक पांडे, अमित कुमार, श्रेया, मनोज ध्यानी आदि।
🖊️ रिपोर्टर –नेशनल खबर11 न्यूज़ डेस्क, ऋषिकेश
📍 सम्बंधित समाचारों के लिए जुड़े रहें |
🌐 www.nationalkhabar11newsportal.in
📲 Twitter | Facebook | Instagram | YouTube