
ऋषिकेश, 19 जुलाई। पोस्ट ऑफिस पार्किंग के पीछे एक खाली मैदान में एक युवक का शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक कांवड़ यात्रा पर आया हुआ प्रतीत हो रहा है।
सूचना मिलते ही ऋषिकेश पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान अर्जुन सिंह पुत्र राजवीर सिंह, निवासी ग्राम निर्जन, थाना जींद सदर, जिला जींद, हरियाणा, उम्र लगभग 15 वर्ष के रूप में की गई।
जानकारी के अनुसार, 18 जुलाई को अर्जुन सिंह अपने गांव से कुल 15 अन्य साथियों के साथ डाक कांवड़ लेने हेतु वाहन संख्या HR 56-0449 (छोटा हाथी) से हरिद्वार के लिए रवाना हुआ था।
शनिवार सुबह लगभग 9:30 बजे, ये सभी लोग ऋषिकेश स्थित पोस्ट ऑफिस पार्किंग पर पहुंचे। वहां से सभी व्यक्ति शौच क्रिया हेतु पास ही के खाली मैदान की ओर गए। अर्जुन सिंह भी उनके साथ वहां गया, लेकिन काफी समय तक वापस नहीं लौटने पर उसके साथियों ने उसकी तलाश शुरू की।
⚠️ मुंह के बल पड़ा मिला शव, शरीर पर नीले निशान
तलाश के दौरान अर्जुन सिंह उक्त खाली मैदान में मुंह के बल पड़ा मिला। उसके शरीर पर नीले रंग के निशान पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि किसी जहरीले जीव के काटने से उसकी मृत्यु हुई हो सकती है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार राणा ने बताया कि शव कब्जे में लेकर मृत्यु के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। फॉरेंसिक टीम और मेडिकल जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।