
ऋषिकेश, 26 अगस्त। गोरखाली समाज की ओर से महिला हरितालिका तीज महोत्सव का आयोजन कृष्णानगर कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर उन्होंने समाज को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए विधायक निधि से 3 लाख रुपए मंदिर में टीन शेड निर्माण और 20 स्ट्रीट लाइट लगाने की घोषणा की।
इस दौरान विधायक अग्रवाल ने कहा कि हरितालिका तीज भगवान शिव और मां पार्वती को समर्पित है। उन्होंने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार मां पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए 108 बार तप व व्रत किया था। यह पर्व सुहागिन महिलाओं के लिए आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है तथा पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के लिए व्रत रखा जाता है। कहा कि यह पर्व गोरखाली समाज की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को दर्शाता है और इसे हर वर्ष बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है।
गोरखाली समाज की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में तीज के गीतों पर झूमकर पर्व का आनंद लिया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, मंडलाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार, कविता शाह, प्रिया ढकाल, अरविंद चौधरी, पुनिता भंडारी, संगीता राणा, निशा बिष्ट, माया घले, सुधा असवाल, अनिता तिवाड़ी, मनोरमा, उषा जोशी सहित गोरखाली समाज की महिलाएं उपस्थित रहीं।