
चेन्नई, 1 सितंबर। जनपद पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर की प्रतिभाशाली बेटी वैष्णवी जोशी ने 20वीं साउथ एंड वेस्ट इंडिया ताइक्वांडो ITP चैम्पियनशिप 2025 में स्वर्ण पदक जीतकर एक बार फिर उत्तराखंड और प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है। प्रतियोगिता का आयोजन 30 और 31 अगस्त को चेन्नई के मोंटफ़ोर्ट ऑडिटोरियम में किया गया था।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात, उड़ीसा, दिल्ली और केरल सहित अनेक राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। वैष्णवी ने कर्नाटक राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने वर्ग में शानदार प्रदर्शन कर पहला स्थान प्राप्त किया।
स्वर्ण पदक जीतने के बाद वैष्णवी ने कहा कि मैंने इस प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत की थी और मेरा लक्ष्य स्पष्ट था — सर्वोत्तम प्रदर्शन करना। मेरे लिए यह सिर्फ एक पदक नहीं, बल्कि अपने प्रदेश और देश का मान बढ़ाने का अवसर था।” – वैष्णवी जोशी
बहुमुखी प्रतिभा की धनी हैं वैष्णवी
अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. राजे नेगी ने वैष्णवी को बधाई देते हुए बताया कि यह उनकी पहली उपलब्धि नहीं है। पूर्व में वे मिस स्टाइल बैंगलोर 2017, लिटिल सुपर मॉडल 2017 और बेस्ट कॉस्ट्यूम 2017 जैसे खिताब भी जीत चुकी हैं। इसके अलावा, उन्होंने टॉमी हिलफिगर और पेंटालून जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड्स के लिए भी रैम्प वॉक किया है।
🌍 अब अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में दिखेगा जलवा
वैष्णवी को अक्टूबर 2025 में होने वाली अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। यह केवल उनके लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव की बात है।