ऋषिकेश, 9 मई। वीरपुर खुर्द स्थित सीमा डेंटल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में कार्यरत कर्मचारियों श्रम कानूनों का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोला। मंगलवार को प्रबंधक एवं कर्मचारी यूनियन के बीच कर्मचारियों की नियुक्ति वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर हुए विवाद के बाद कर्मचारियों ने गेट के बाहर कार्य बहिष्कार कर धरना देना प्रारंभ कर दिया है। जिला पंचायत सदस्य एवं यूनियन अध्यक्ष संजीव चौहान ने बताया कि वे सीमा डेंटल कॉलेज के निदेशक विवेक संग से कर्मचारियों के बाबत में वार्ता करने गए, तो उन्होंने संतोषजनक जवाब देने की वजह कर्मचारियों को उनकी शर्तों के आधार पर कार्य करने की चेतावनी दी। साथ ही कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा जाने की धमकी दी।
इसकी भनक लगने पर वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने आक्रोश जताते हुए कार्य बहिष्कार कर डेंटल कॉलेज के गेट के बाहर धरना शुरू कर दिया। बताया की सीमा डेंटल कॉलेज में कर्मचारियों को कार्य करते हुए कई साल हो गए हैं। आरोप लगाया कि प्रत्येक 5 वर्ष में पुनर्नियुक्ति किए जाने के एग्रीमेंट के साथ उनका वेतन और ग्रेच्युटी का चैक उनके बैंक खाते में जमा करने के बाद कुछ प्रतिशत नगद पैसा वापस ले लिया जाता है। बताया कि डेंटल कॉलेज में कर्मचारियों को अस्थाई रूप से रखकर नई नियुक्ति की जाती है, यह खेल सीमा डेंटल कॉलेज की स्थापना के बाद से चल रहा है।
यूनियन अध्यक्ष संजीव चौहान का कहना है कि नियुक्ति पत्र में 10 प्रतिशत वृद्धि का उल्लेख था। लेकिन वृद्धि 2 से 3 प्रतिशत की गई है। कर्मचारियों ने प्रबंधन पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि कोई कर्मचारी अपनी मांग को लेकर आवाज बुलंद करता है, तो उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया जाता है। इन मांगों को लेकर कर्मचारियों ने कॉलेज के प्रबंधक वर्ग को नोटिस देते हुए कार्य बहिष्कार कर गेट के बाहर धरना देना शुरू कर दिया। मौके पर यूनियन उपाध्यक्ष लंकेश रयाल, सचिव रघुवीर सिंह रावत, संयुक्त सचिव ऋषि गैरोला ,संगठन मंत्री अशोक शर्मा, कोषाध्यक्ष सुनील उनियाल सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। उधर, इस मामले में प्रबंधन वर्ग से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।