ऋषिकेश 8 अक्टूबर। भारत में खेलों के क्षेत्र में प्रतिभा की कमी नहीं है। खो-खो में अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवा चुके तीर्थनगरी ऋषिकेश के इमरान खान का चयन मलेशिया में होने वाली खो-खो इंटरनेशनल लीग के लिए हुआ है।
पंजाब सिंध क्षेत्र इंटर कॉलेज ऋषिकेश के पुरातन छात्र इमरान खान ने फिर एक बार विद्यालय एवं विद्यालय के सेवानिवृत्त व्यायाम शिक्षक नागेश राजपूत का मान बढ़ाया है। दरअसल, सेवानिवृत्ति के बाद से लगातार नागेश राजपूत बालक और बालिकाओं को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के मैदान से संचालित अपने निःशुल्क प्रशिक्षण केंद्र से खो खो का प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनके इसी प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ी इमरान खान इंटरनेशनल लीग के लिए 21 सितंबर से 9 अक्टूबर 2023 तक इंडिया कैंप जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम दिल्ली में प्रतिभाग कर रहे हैं।
अब अच्छी खबर यह कि खो-खो के होनहार खिलाड़ी का चयन इंटरनेशनल खो – खो लीग ( इंडिया, मलेशिया, इंडोनेशिया ) के लिए हो गया है। अंडर-18 आयु वर्ग में इमरान इंटरनेशनल खो-खो लीग में अक्टूबर माह के अंतिम सप्ताह में मलेशिया में प्रतिभाग करेंगे। प्रशिक्षक नागेश राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि इमरान खान ने अब तक चार 4 नेशनल खो-खो चैंपियनशिप खेले हैं। यही नहीं इमरान को ‘खेलो इंडिया’ की ओर से 5 साल तक छात्रवृत्ति भी मिल चुकी है। श्री देव सुमन विश्वविद्यालय की ओर से भी यह खो-खो नॉर्थ जोन खेल चुके हैं। अपने निरंतर प्रयास से इमरान खान के इंटरनेशनल खो-खो लीग में चयन होने पर संपूर्ण विद्यालय परिवार गौरवान्वित है। प्रशिक्षक नागेश राजपूत और पीएसके इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ललित किशोर शर्मा ने खिलाड़ी इमरान की इस उपलब्धि पर उनको बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।