नैनीताल 8 फरवरी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में नजूल भूमि पर बने अवैध मदरसे और नमाज स्थल को धवस्त करने पर बवाल हो गया। अराजक तत्वों ने पुलिस प्रशासन और पत्रकारों पर पथराव किया। वहीं, कई गाड़ियों में आग लगा दी। हालत इतने बिगड़ गए कि अराजक तत्वों ने बनभूलपुरा थाने में पथराव कर दिया।
नैनीताल जिले के हल्द्वानी के बैनफूलपुरा अवैध मस्जिद और मदरसा गिराए जाने के बाद शहर में तनावपूर्ण माहौल हो गया। गुस्साएं लोगों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं अराजक तत्वों ने कई वाहनों में आग भी लगा दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। देहरादून में सीएम आवास पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इमरजेंसी बैठक बुलाई है।बैठक में शासन और पुलिस के आलाधिकारियों को बुलाया गया है। डीजीपी अभिनव कुमार भी बैठक में शामिल होने के लिए सीएम आवास पहुंचे। वहीं, कुमाऊं मंडल के तमाम अधिकारियों को वर्चुअल बैठक में शामिल हुए। सीएम धामी ने बैठक में पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
बहरहाल, उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में इस समय माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। नैनीताल जिलाधिकारी ने शहर में कर्फ्यू लगा दिया है। दंगाइयों को देखते ही गोली मरने के आदेश दिए गए हैं। बता दें कि नैनीताल जिले के हल्द्वानी में बीते कई दिनों अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को हल्द्वानी के ‘मालिक के बगीचे इलाके में सरकारी जमीन पर बनी मस्जिद और मदरसा को ध्वस्त किया गया, जिसका लोगों ने काफी विरोध किया। प्रशासन का कहना है कि उन्होंने मस्जिद और मदरसा संचालक को पहले नोटिस भेजा था, लेकिन उन्होंने नोटिस के बाद भी मस्जिद और मदरसे के कोई दस्तावेज नहीं दिखाए, जिसके बाद ये कार्रवाई की गई।